प्राइवेट हॉस्पिटल में प्रसव के बाद महिला की तड़प-तड़पकर हुई दर्दनाक मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने का लगाया आरोप
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: पनियरा कस्बे में स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल में प्रसव कराने के लिए आई एक महिला का ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पनियरा थाना क्षेत्र के हेमछापर पोखरा टोला निवासी रामनारायन अपनी पत्नी चांदनी को प्रसव पीड़ा होने के बाद शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा प्रसव कराने के लिए पहुंचा। जहाँ पर महिला डॉक्टर द्वारा बताया गया कि पहला बच्चा सीजर से हुआ था इसलिए दूसरे बच्चे के लिए भी सीजर ही करना पड़ेगा। उसके बाद परिजन अपनी मर्जी से पनियरा कस्बे में स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल पर लेकर चले गए। मृतका की बहन ने बताया कि डॉक्टर द्वारा देर शाम उसकी बहन का ऑपरेशन किया गया और उसकी बहन ने एक मासूम बच्ची को जन्म दिया। उसके बाद ओटी से निकलने के बाद से ही उसकी बहन दर्द से जोर जोर से चिल्ला रही थी लेकिन डाक्टर द्वारा कोई विशेष ध्यान नहीं दिया गया जिस वजह से देर रात उसकी बहन की अचानक तबियत ज्यादा बिगड़ गई। फिर परिजनों ने इस बात को डॉक्टर से बताया। डॉक्टर द्वारा उसका इलाज किया गया इस दौरान कई इंजेक्शन भी लगाया गया लेकिन महिला की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ बल्कि सुबह होते होते महिला ने अस्पताल में ही तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया। मृतक महिला के बहन के मुताबिक आनन फानन में डॉक्टर द्वारा हॉस्पिटल की गाड़ी से घर भेज दिया गया। महिला की मौत को लेकर मृतक महिला के मायके वालों ने अस्पताल के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्यवाई की मांग की है। वही इस संबंध में आयुष्मान हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर प्रणय विश्वास से उनका पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर फोन किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
यह भी पढ़ें : Maharajgnj News: जिला स्वास्थ्य समिति बैठक : 5 एएनएम व 1 सीएचओ की बर्खास्तगी, कई अफसरों पर नोटिस